सिविल लाइंस के क्वारेंटाइन सेंटर से 4 युवक हुए फरार, तलाश में जुटी पुलिस
नॉर्थ दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके में मौजूद क्वारेंटाइन सेंटर से चार युवक फरार हो गए। चारों के गायब होने का पता चलते ही मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सभी युवकों को मार्च के अंतिम सप्ताह से यहां रखा गया था। पुलिस ने क्वारेंटाइन सेंटर के इंचार्ज शशि प्रकाश की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। चारों युवकों में से 1 बिहार, 1 असम और 1 यूपी के कानपुर के रहने वाले है जबकि चौथा युवक खजूरी खास दिल्ली का बताया जा रहा है।
सिविल लाइंस इलाके में गुरुद्वारा मजनंू का टीला इलाके में मैगजीन रोड स्थित सरकारी स्कूल में क्वारेंटाइन सेंटर बनाया था। यहां कोरोना के संदिग्ध प्रवासी मजदूरों को क्वारेंटाइन किया हुआ है। इसमें बिहार सहित अलग-अलग राज्यों के मजदूरों को रखा गया है। 17 अप्रैल की रात करीब 1.30 बजे बिहार, असम, कानपुर यूपी व एक दिल्ली निवासी युवक चुपचाप यहां से फरार हो गए। मामले की सूचना मिलने पर यहां हड़कंप मच गया। स्कूल के इंचार्ज शशि प्रकाश ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अब मामला दर्ज कर चोरों युवकों की तलाश शुरू कर दी है। क्वारेंटाइन सेंटर की सुरक्षा को भी बढ़ा दी गई है।फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चारों युवकों की तलाश कर रही है।
पार्क में टहलते पकड़े गए 10 लोग, किसी ने कहा- घर में बोर हो रहा था तो कोई बोला- शुद्ध हवा लेने निकला है
नई दिल्ली| कोरोना संकट के बीच पुलिस और प्रशासन लोगों को घर के अंदर ही रहने की सलाह दे रहे हैं। लेकिन लोग मान नहीं रहे। हौजखास इलाके में सिरी फोर्ट पार्क में शाम को पुलिस ने सरकारी आदेश का उल्लंघन करने की वजह से दस लोगों को पकड़ा। जिसके बाद उन लोगाें ने पुलिस के सामने बेहद अजीब तरह के बहाने बनाए। एक ने कहा, घर पर बोर हो रहा था इसलिए यहां आ गया। दूसरे ने कहा, यहां वह शुद्ध हवा लेने के लिए आया है। तीसरे ने पार्क के उस पार ऑफिस होने का हवाला दिया।
चौथे ने कहा वह ग्रॉसरी सामान लेने के लिए जा रहा था, लेकिन इस पार्क के आसपास कोई शॉप नहीं है, ना ही उसके पास रुपए थे और ना ही बैग। पांचवे की दलील भी बेहद गजब की थी, उसने कहा वह यहां कुत्तों को कुछ खिलाने के लिए आया था। लेकिन उसके हाथ में कुछ नहीं था। इसके उलट उसके कर्मचारी के हाथ में जरूर पुलिस को कैमरा मिला। बाद में पता चला कि वह यहां फोटोग्राफी के लिए आया था। डीसीपी साउथ डिस्ट्रिक अतुल ठाकुर ने बताया इन सभी दस लोगों के खिलाफ पुलिस ने हौजखास थाने में आईपीसी की धारा 188 व आपदा प्रबंधन एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।
कानून के उल्लंघन मामले में 3370 लोगों पर कार्रवाई
दिल्ली पुलिस के एडिशनल पीआरओ एसीपी अनिल मित्तल ने कहा रविवार को शाम पांच बजे तक सरकारी आदेश का उल्लंघन करने के तहत 277 मुकदमे दर्ज किए गए। 3370 लोगों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की गई वहीं 300 वाहनों को जब्त किया गया। उन्हाेंने बताया ़155 लोगों के खिलाफ मास्क नहीं पहनने की वजह से कार्रवाई की गई। पुलिस लगातार लॉकडाउन पार्ट टू का पालन कराने का प्रयास कर रही है, लेकिन बहुत से लोग ऐसे हैं जो मामले को हल्के में ले इधर उधर बहाने से घर से बाहर निकल जा रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने का सिलसिला जारी है।
पुलिस भी इस बात को मानती है कि यदि विदेशों की तरह देश में भी लॉकडाउन तोड़ने के सख्त नियम होते तो लोग इस तरह से लापरवाही नहीं बरतते। अलग अलग देशों ने घरों से बाहर निकलने पर भारी भरकम जुर्माने की राशि तय कर रखी है। फिलहाल पुलिस कोई रियायत नहीं बरत रही।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/delhi-ncr/news/4-youths-escaped-from-quarantine-center-of-civil-lines-police-engaged-in-search-127201872.html