कोरोना संक्रमित इलाके को सेनिटाइज करने वाले कोरोना वॉरियर्स फायरकर्मी बोले- कोरोना से जंग में योगदान को लेकर गौरवान्वित
(नीरज आर्य) कोरोना संकट के बीच डॉक्टर, नर्स अस्पतालों में बीमार लोगों की जान बचाने में दिन-रात जुटे हैं। अब फायर फाइटर भी इस लड़ाई में उतर आए हैं। उनका काम संक्रमित इलाके में वायरस को खत्म करना है। दिल्ली के 63 फायर स्टेशन में से 2 को सिर्फ इसी काम में लगाया गया है। इनमें प्रसाद नगर और शास्त्री नगर फायर स्टेशन शामिल हैं, जिन्हें अस्थायी रूप से सेनिटाइजर केंद्र बना दिया है। 20 दमकलकर्मियों को इस विशेष काम का जिम्मा मिला है। जो पिछले कुछ दिन से सुरक्षा के पूरे इंतजाम के साथ कोरोना संक्रमित इलाके में जानलेवा वायरस को डी एक्टिवेट करने में लगे हैं। खासबात ये है कि जिन कर्मियों को यह काम दिया है, वे डरने के बजाए अपने आपको खुशनसीब और गौरान्वित महसूस कर रहे हैं। उनका मानना है इस लड़ाई में उनका जरा सा भी योगदान काम के प्रति जोश पैदा करता है। जानिए ऐसे ही कोरोना वॉरियर्स के बारे में।
बेटा ताली बजाकर करता है स्वागत : निर्भय सिंह
निर्भय सिंह (52) प्रसाद नगर क्वार्टर में परिवार के साथ रहते हैं। वह कहते हैं, सेवा करना ही हमारा परम धर्म, यह फायर सर्विस का मूलमंत्र है। जब से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने काेरोना योद्धाओं को सम्मान का एक नया तरीका लोगाें को दिखाया है, वह उसे खुद भी घर में महसूस करते हैं। ग्यारह साल का उनका बेटा घर लौटने पर तालियां बजाकर स्वागत करता है।
तीन दिन बाद लौटते हैं घर : मोहिन्द्र सिंह
छह महीने बाद ही मोहिन्द्र सिंह (59) रिटायर्ड होने वाले हैं। वह परिवार के साथ रकाब गंज फायर स्टेशन स्थित क्वार्टर में रहते हैं। उनके प्रसाद नगर फायर स्टेशन इंचार्ज होने की वजह से ड्यूटी 72 घंटे की है। तीन दिन बाद ही उन्हें घर जाने की अनुमति है।उन्हाेंने बताया संक्रमण से बचने के लिए वह ड्यूटी से लौटकर सबसे पहले गर्म पानी में नहाते हैं।
विभाग चुनने के साथ ही हमने अपनी जान माल की चिंता छोड़ दी : अजमेर सिंह
अजमेर सिंह ने कहा (52) उनकी फैमिली बहादुरगढ़ क्षेत्र में रहती है। आखिरी बार लॉकडाउन से पंद्रह दिन पहले घर गए थे। उनका कहना है यह विभाग चुनने के साथ ही हमने अपनी जान माल की चिंता छोड़ दी थी। ड्यूटी के वक्त ऐसे तमाम मौके आते हैं, जब हमें मौत के मुंह से बाहर निकलकर आना होता है। अगर डरने लगे तो काम ही नहीं होगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/delhi-ncr/news/corona-warriors-firemen-who-sanitize-the-corona-infected-area-said-proud-to-have-contributed-to-the-war-with-corona-127163632.html