स्वस्थ एप के जरिए डॉक्टरों से ले सकते हैं कोरोना से बचने और संक्रमण होने पर इलाज की सलाह
फरीदाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड और नगर निगम ने शहरवासियों को कोरोना से बचाने के लिए एक अच्छी पहल की है। फरीदाबाद स्वस्थ एप के जरिए शहरवासी घर बैठे बेहतरीन डॉक्टरों से कोरोना से बचने और संक्रमण होने की स्थिति में इलाज की सलाह ले सकते हैं। शर्त यह है कि एप द्वारा पूछे गए सवालों का सही जवाब देना होगा।
केंद्र सरकार ने देशभर के हजारों डाॅक्टरों को इस स्वस्थ एप से जोड़ रखा। एप पर पूछे गए सवाल का जवाब देने के बाद 60 मिनट के अंदर कोई न कोई डाॅक्टर मरीज से संपर्क करेगा। यदि किसी मरीज में कोई सिम्टम्स है तो डॉक्टर उससे निपटने अथवा बचाव के उपाय लिखित में मैसेज करेगा। खास बात यह है कि इस एप के जरिए मरीज डॉक्टर से हिंदी अथवा अंग्रेजी दोनों भाषा में बात कर सकते हैं। एप में दोनों भाषाओं का विकल्प है।
तेजी से संक्रमित मरीजों की संख्या में इजाफा
देश की राजधानी दिल्ली से जिले की सीमा सटी होने के कारण फरीदाबाद भी कोराेना संक्रमण को लेकर हॉट स्पॉट बन गया है। यहां रोज संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। हर दिन बड़ी संख्या में कोरोना मरीज़ आ रहे हैं।
गुरुवार तक संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 2938 तक पहुंच गया जबकि मरने वालों की संख्या 68 हो गई है। इन्हीं बातों को ध्यान में रखते हुए नगर निगम कमिश्नर डॉॅ. यश गर्ग और स्मार्ट सिटी की सीईओ डॉ. गरिमा मित्तल ने स्वस्थ एप में फरीदाबाद को जुड़वाया है ताकि यहां के लोगों को इसका लाभ मिल सके।
जवाब देने के बाद डॉक्टर करेंगे संपर्क
एप के जरिए पूछे गए सवाल का जवाब देने के बाद 60 मिनट के अंदर देशभर के विभिन्न हिस्सों से जुड़े बेहतरीन डॉक्टर आपसे संपर्क करेगा और सिम्टम्स मिलने अथवा न मिलने पर बचाव और उपचार के लिए लिखित में जवाब भी देगा। दैनिक भास्कर संवाददाता ने भी इस एप का रियल चेक किया और पूछे गए सवालों का जवाब दिया। महज पांच मिनट के अंदर कोलकाता की डॉ. रीना ने फोन कर संपर्क किया।
टोल फ्री नंबर पर भी कर सकते हैं संपर्क
प्रशासन ने डॉक्टरों से परामर्श लेने के लिए टोल फ्री नंबर भी जारी किया है। कोई भी व्यक्ति टोल फ्री नंबर 0124-6811070 पर फोन कर सलाह ले सकता है। स्मार्ट सिटी की सीईओ डॉ. गरिमा मित्तल ने बताया कि इस एप के जरिए शहरवासी घर बैठे कोराेना से बचाव और इलाज के बारे में जानकारी ले सकते हैं। सिम्टम्स होने पर उन्हें किसी अस्पताल में जाकर डॉक्टर से संपर्क करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
एप ऐसे करेगा काम
स्मार्ट सिटी और नगर निगम ने मिलकर फरीदाबाद वेब यूआरएल बनाया है। इसमें फरीदाबाद डॉट स्वस्थ डॉट एप कंसल विथ डॉक्टर (Faridabad.swasth.app/consult-with-doctor) का लिंक दिया है। इस पर क्लिक करने के बाद आपकाे अपना मोबाइल नंबर भरना होगा। इसके बाद मोबाइल पर ओटीपी आएगा। उसे भरकर सबमिट करने के बाद पेज खुल जाएगा। इसके बाद आपसे सात सवाल पूछे जाएंगे।
जैसे क्यों आपको खांसी है। क्या आपको बुखार है। क्या आपको सांस लेने में तकलीफ है। क्या आप किसी संक्रमित मरीज वाले घर में रहते हैं। क्या आपने सात दिन के अंदर घरेलू अथवा 14 दिन में विदेशी यात्राएं की है। क्या आप फ्रंटलाइन व स्वास्थ्यकर्मी हैं। इन सवालों का सही जवाब देना होगा। वाइस कॉल के जरिए भी हां अथवा नहीं में जवाब देने के लिए आपको एक और दो नंबर दबाने होंगे। इसमें भी ऊपर वाले सवाल पूछे जाएंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/delhi-ncr/faridabad/news/through-healthy-app-doctors-can-take-treatment-advice-to-avoid-corona-and-infection-127448329.html