पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद गिरने लगा तापमान, न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा
जम्मू कश्मीर व हिमाचल पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के बाद सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। मंगलवार को भी सुबह लोग स्वेटर, जर्सी में नजर आए। मौसम में आए बदलाव के साथ ही बाजारों में भी गर्म कपड़ों की डिमांड बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब और हरियाणा में बन रहे चक्रवर्ती हवाओं के साइक्लोन का असर तापमान में गिरावट आई है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आएगी।
तापमान पांच डिग्री सेल्सियस तक लुढ़कने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक महेश पहलावत के अनुसार पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी जारी है। इससे मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ेगी। तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी। ऐसे में आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है।
इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट की वेबसाइट के अनुसार मंगलवार को फरीदाबाद का न्यूनतम 13 व अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 19 नवंबर से न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। शनिवार और रविवार को बारिश होने की भी संभावना है।
ठंड बढ़ने के साथ गर्म कपड़ों का बाजार हुआ गर्म
ठंड शुरू होते ही गर्म कपड़ों के बाजार में रौनक बढ़ गई है। बाजार में कोट पैंट, जैकेट के साथ स्वेटर की मांग में तेजी आई है। बाजारों में इन दिनों खासी रौनक है। लोगों खास कर युवाओं द्वारा जैकेट की डिमांड ज्यादा की जा रही है। वहीं, कोट-पैंट के प्रति भी लोगों का रुझान बढ़ा है।
व्यापारियों को भी अब अच्छी बिक्री होने की उम्मीद है। वहीं ठंड से बचने के लिए घरों में रजाइयां व कंबल तो निकल गए हैं। बदले फैशन व जरूरत के मुताबिक लोग नए गर्म कपड़ों की खरीदारी कर रहे हैं। मार्केट में बच्चों से लेकर बड़ों के लिए कुछ न कुछ खास है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/delhi-ncr/faridabad/news/temperatures-fell-after-snowfall-in-hilly-areas-reaching-a-minimum-of-13-degrees-celsius-127921907.html