Latest Updates

बाॅर्डरों पर लगा रहा जाम, नगर निगम में तालाबंदी, गदपुरी व बल्लभगढ़ में किसान लिए गए हिरासत में

किसानों, श्रमिक संगठनों और कर्मचारी यूनियनों के गुरुवार को आंदोलन को देखते हुए हाईवे से लेकर सभी प्रमुख चौक चौराहों और बार्डर पर पुलिस का कड़ा पहरा रहा। दिल्ली जाने वालों की सघन जांच पड़ताल की जा रही थी। इससे सुबह-शाम पीक आवर्स के दौरान जाम की स्थिति बनी रही।

नगर निगम में जहां कर्मचारी संगठनों ने गेट पर तालाबंदी कर दी, वहीं पलवल के गदपुरी और बल्लभगढ़ में दिल्ली की ओर जाने का प्रयास कर रहे किसानों को पुलिस ने रोककर हिरासत में ले लिया। बाद में उन्हें छोड़कर घरों की ओर रवाना कर दिया गया। उधर कर्मचारी नेताओं ने जुलूस निकालकर केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए जमकर नारेबाजी की।

कर्मचारी नेताओं ने डीसी द्वारा लगाई गई धारा 144 की जमकर धज्जियां उड़ाईं। हैरानी की बात यह है कि पुलिस भी किसी कर्मचारी संगठन के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। गुरुवार को पूरे दिन होडल के करमन बार्डर से बदरपुर बॉर्डर तक अफरा तफरी का माहौल रहा। दिल्ली जाने वाले किसान नेताओं की पुलिस बुधवार देर रात से ही निगरानी करती रही।

अधिकांश किसान नेताओं के घरों के आसपास पुलिस ने सिविल ड्रेस में कर्मचारियों को लगा दिया था। गुरुवार को दर्जनभर से अधिक किसान आईएमटी के पास एकत्र होने की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। उसने उन्हें समझा बुझाकर वापस भेज दिया।

बल्लभगढ़ से भी कुछ किसान दिल्ली जाने के लिए निकले थे।पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। बाद में उन्हें घर भेज दिया। पुलिस ने पलवल के करमन बार्डर से लेकर बदरपुर बॉर्डर तक पुलिस ने नाका लगाकर आने-जाने वाले हर वाहन की जांच कर रही थी।

जिला प्रशासन व पुलिस की सख्ती के बाद भी किसान नेता ऑटो व बसों में बैठकर दिल्ली के लिए रवाना हुए, लेकिन पुलिस ने उन्हें पृथला गांव के पास वाहनों की चेकिंग के दौरान हिरासत में लेकर वापस उनके घरों के लिए वाहनों में बैठाकर रवाना कर दिया। जिले के गदपुरी बार्डर पर पुलिस ने नाकाबंदी कर फरीदाबाद की तरफ जाने वाले हर वाहन की गहनता से जांच की। जो भी किसान नेता मिला उसे वहीं उतार लिया गया।

कर्मचारी संगठनों को एकत्र होने से रोक नहीं पाई पुलिस
बदरपुर बॉर्डर पर लगा रहा जाम: सुबह दिल्ली जाने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। क्योंकि बॉर्डर पर हर वाहन की हो रही जांच के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। ऐसे में सबसे अधिक परेशानी ड्यूटी करने वाले लोगों को हुई। हजारों वाहन चालक दिनभर जाम से जूझते रहे।

क्योंकि बॉर्डर पर फरीदाबाद पुलिस और दिल्ली पुलिस दोनों जांच पड़ताल में जुटी रही। जांच के कारण बदरपुर बॉर्डर, थाना पल्ला एरिया से जैतपुर बॉर्डर, सूरजकुंड शूटिंग रेंज बॉर्डर, फरीदाबाद से गुडग़ांव रोड पर मांगर से दिल्ली फतेहपुर में एंट्री करने वाले बॉर्डर पर इसके अलावा पलवल की तरफ से फरीदाबाद में एंट्री प्वाइंट सीकरी बॉर्डर पर जाम की स्थिति रही।

कर्मचारी यूनियनों ने उड़ाई धारा 144 की धज्जियां

गुरुवार को श्रमिक व कर्मचारी यूनियनों ने जिले में लागू की गई धारा 144 की जमकर धज्जियां उडाईं। सुबह नगरपालिका कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारियों ने नगर निगम मुख्यालय पहुंचकर गेट पर तालाबंदी कर दी। इससे कर्मचारी समेत आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ा।

इसके बाद अलग अलग स्थानों पर जुलूस निकालकर सरकारों के खिलाफ प्रदर्शन किया। गेट पर तालाबंदी होने से नगर निगम के किसी भी जोन में कोई पब्लिक डीलिंग का काम नहीं हो पाया। प्रदर्शन में नगर निगम कर्मचारी यूनियन, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, स्वास्थ्य विभाग, हरियाणा टूरिज्म, जनस्वास्थ्य, पीडब्ल्यूडी (बीएंडआर) सिंचाई विभाग, आईटीआई, वन विभाग आदि शामिल थे।

कर्मचारी संगठनों की ये हैं मांगें

सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों एवं विभागों के निजीकरण पर रोक लगाने, ठेका प्रथा समाप्त कर ठेका कर्मचारियों को सीधे विभागों के पे रोल पर लेने, सेवा सुरक्षा एवं समान काम समान वेतन देने, रेगुलराइजेशन की नीति बनाने, पुरानी पेंशन बहाल करने, डीए व एलटीसी पर लगाई रोक को हटाने, जबरन तरीके से पारित किए श्रम कानूनों व कृषि बिलों को रद्द करने, बिजली संशोधन बिल 2020 के ड्राफ्ट को वापस लेने, रोडवेज सहित अन्य विभागों में तेजी से लागू की जा रही निजीकरण की नीतियों पर रोक लगाने, खाली पड़े पदों को स्थाई भर्ती से भरते हुए बेरोजगारों को रोजगार देने, बैकलाग को विशेष अभियान चलाकर भरने, प्रिमेच्योर रिटायरमेंट करने के पत्र को वापस लेने आदि की मांग की।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
श्रमिक संगठनों और कर्मचारी यूनियनों की हड़ताल के दौरान नगर निगम मुख्यालय के गेट पर ताला लगाते कर्मचारी।


from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/delhi-ncr/faridabad/news/jamming-on-the-borders-lockout-in-municipal-corporation-farmers-taken-in-custody-in-gadpuri-and-ballabgarh-127952894.html
'; (function() { var dsq = document.createElement('script'); dsq.type = 'text/javascript'; dsq.async = true; dsq.src = '//' + disqus_shortname + '.disqus.com/embed.js'; (document.getElementsByTagName('head')[0] || document.getElementsByTagName('body')[0]).appendChild(dsq); })();