दो युवकों को चाकू घोंपा, दोनों गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती कराया
प्रेम नगर इलाके में बीती देर रात बारात में रुपए लूटने को लेकर हुए विवाद में बदमाशों ने 2 युवकों को चाकू से वार कर गंभीर रुप से घायल कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घायलों की पहचान गब्बर और माहूल के रुप में हुई है। डीसीपी पीके मिश्रा ने बताया कि मामले में हत्या के प्रयास के तहत एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की गई है। वारदात में शामिल 2 युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक नाबालिग को बाल सुधार गृह भेज दिया है।
मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। जानकारी के मुताबिक सुलेमान नगर में एक परिवार में लड़की की शादी थी, जिसमें बैंड वाले बारात में शामिल थे। रविवार रात को बाराती बैंड बाजा वालों पर नोट उड़ा रहे थे।
लोगों ने बताया कि आसपास के युवक इन रुपयों को लूट रहे थे, जिस कारण बग्घी की सजावट बिगड़ रही थी। इस पर बग्घी चालक नितिन ने युवकों को टोका तो युवकों ने उसे थप्पड़ मार दिया। बैंड के साथ चल रहे गब्बर और माहूल ने बीच बचाव किया तो हमलावर चले गए।
कुछ देर बाद 6 से 7 लड़के आए और बैंड वालों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने गब्बर एवं माहूल को चाकू मार घायल कर दिया। वहां मौजूद लोगों ने अविनाश, अंकित एवं एक नाबालिग को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/delhi-ncr/news/two-youths-stabbed-both-seriously-injured-hospitalized-127966057.html