कोरोना के मरीजों की तादाद बढ़कर हुई 1893, 24 घंटे में 186 नए मरीजों की पुष्टि, एक की मौत
दिल्ली में कोरोना पॉजिटिव का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। पॉजिटिव मरीजों की तादाद बढ़कर 1893 हो गई है। बीते 24 घंटे में 186 नए पॉजिटिव मरीजों की पहचान हुई है। वहीं 24 घंटे में 134 ठीक होकर घर पहुंचे हैं। एक साथ इतने मरीज पहले बार ठीक होकर घर पहुंचे हैं। कोरोना पर दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 43 हो गया है। 24 घंटे में 1 मरीज की मौत हुई है। मरने वालों में सबसे ज्यादा 60 साल की उम्र से ज्यादा वाले 24 मरीज हैं, जोकि 55.81 फीसदी है।
959 मरीज दिल्ली के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती
इसके बाद 50 साल से कम उम्र के 10 मरीज हैं, जोकि 23.26 फीसदी है। वहीं 50-60 साल उम्र के 9 मरीज हैं, जोकि 20.93 फीसदी है। कोरोना पॉजिटिव 959 मरीज दिल्ली के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। इसमें से 26 आईसीयू और 6 वेंटीलेटर पर हैं। सबसे ज्यादा 494 मरीज लोकनायक अस्पताल में भर्ती हैं। राजीव गांधी में 166, एम्स में 152, सफदरजंग में 26, जीटीबी और आरएमएल में 21-21 और लेडी हार्डिंग में 15 मरीज भर्ती हैं। लोकनायक अस्पताल में एक मरीज की मौत भी हुई है।
प्राइवेट अस्पतालों में मैक्स में 42, अपोलो में 20 और गंगाराम में 2 मरीज भर्ती हैं। शनिवार तक कोरोना के 22,283 के सैंपल जांच के लिए थे। इनमें से 1893 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जबकि 17, 449 की रिपोर्ट निगेटिव। सरकारी लैब में 16,786 सैंपल की जांच हुई, वहीं प्राइवेट लैब में 5497 की।
एक और कांस्टेबल कोरोना संक्रमित
चांदनी महल थाने का एक और कांस्टेबल कोरोना संक्रमित मिला है। वह थानाध्यक्ष का ड्राइवर बताया गया है। दो पुलिसकर्मी पहले ही कोरोना की चपेट में आ चुके हैं, जिस वजह से इस थाने के पुलिस कर्मी डरे हुए हैं। एसएचओ, दो इंस्पेक्टर समेत 80 पुलिसकर्मियों को पहले ही क्वारेंटाइट किया जा चुका है। इस थाने के सभी पुलिसकर्मियों का कोविड-19 टेस्ट करवाया गया है, जिनकी रिपोर्ट आनी बाकी है। क्वारेंटाइन किए गए पुलिसकर्मी पहाड़गंज स्थित होटल में ठहराए गए हैं। हजरत निजामुदीन मरकज से निलकने के बाद बड़ी संख्या में जमाती चांदनी महल इलाके में आकर अलग अलग मस्जिद में छिप गए थे, जिनके बारे में मिली सूचना के बाद पुलिस ने इन लोगों को वहां से निकाला था।
पुलिस ने लॉकडाउन के दौरान 3608 लोगों को हिरासत में लिया
दिल्ली पुलिस ने शनिवार को लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती दिखाते हुए 3608 लोगों को हिरासत में लेकर 301 वाहनों को ज़ब्त किया और 271 प्राथमिकी दर्ज किए। इसके साथ ही जरूरी सामानों के आवागमन के लिए 677 पास जारी किए गए हैं। पुलिस ने बिना मास्क लगाए बाहर निकलने वालों पर सख्ती करते हुए 188 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस एक्ट की धारा 65 के तहत 3608 लोगों को हिरासत में लिए गया गया है जिसे बाद में रिहा कर दिया गया और दिल्ली पुलिस एक्ट की ही धारा 66 के तहत 301 वाहनों को जब्त किया गया है।
चीफ इंजीनियर को कोरोना होने के बाद एनडीएमसी अधिकारियों में मचा हड़कंप
नई दिल्ली नगर पालिका (एनडीएमसी) के चीफ इंजीनियर सिविल एसके झा काेरोना वॉरियर्स की परेशानियों को हल करते हुए खुद कोरोना के शिकार हो गए। राम मनोहर लोहिया अस्पताल में झा को कोराेना जांच पॉजेटिव पाया गया है। झा के कोरोना पॉजेटिव पाए जाने के बाद एनडीएमसी के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। झा के पास एनडीएमसी के पालिका केन्द्र 16वें फ्लोर पर बैठते हंै। इस फ्लोर पर आने-जाने के लिए कॉमन लिफ्ट का इस्तेमाल होता है, जिसमें जूनियर अधिकारी, कर्मचारी भी आते -जाते थे।
इनके पास पालिका केन्द्र के अलावा सभी सरकारी भवन, स्कूल, कम्यूनिटी सेंटर की देखरेख की जिम्मेदारी है। कोरोना से निपटने के लिए दिल्ली एडमिस्ट्रेशन, पैरा मेडिकल, पैरा मीलिट्री फोर्स को कम्यूनिटी सेंटरों में किया गया है। बताया गया कि झा काेरोना वॉरियर्स के सिंगल कॉल पर दिन रात कभी भी उनकी परेशानियों को मदद के लिए खुद पहंुच जाते थे। निजामुद्दीन में तब्लीगी जमात के लोगों को झा हजरत निजामुद्दीन से लेकर बक्करबाला में क्वारेंटाइन सेंटर में गए थे।
राजधानी में कंटेनमेंट जोन की संख्या बढ़कर 76 हुई
दिल्ली में अब कंटेनमेंट जोन की संख्या बढ़कर 76 पहुंच गई है। शनिवार को एकसाथ आठ नए कंटेनमेंट जोन बनाए गए, जिसमें अकेले नॉर्थ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के 3 हैं। नार्थ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट में इससे पहले भी शास्त्री पार्क में पहला कंटेनमेंट जोन बना था। शनिवार को भी शास्त्री पार्क में दो नए जोन बने और एक कंटेनमेंट जोन गौतमपुरी में बनाया गया। सेंट्रल दिल्ली के शामनाथ मार्ग स्थित पॉश ओबेरॉय अपार्टमेंट के एक ही परिवार के 8 सदस्य व उनके यहां काम करने वालों का कोरोना टेस्ट पाॉजिटिव आया था, जिसके बाद इसे भी कंटेनमेंट जोन बना दिया गया है।
कोरोना पॉजिटिव पुलिसकर्मी को मिलेंगे एक लाख रुपए
लॉकडाउन के वक्त पुलिस दिनरात ड्यूटी पर लगी है, अब उनके कोरोना संक्रमित होने के भी कई केस सामने आ चुके हैं। ऐसे में दिल्ली पुलिस आयुक्त एसएन श्रीवास्तव ने एक आदेश जारी कर कहा कि अगर कोई पुलिसकर्मी ड्यूटी के वक्त काेरोना की चपेट में आता है तो उसे अस्पताल से डिस्चार्ज होने पर आर्थिक सहायता हेतु एक लाख की मदद की जाएगी। शनिवार को पुलिस आयुक्त ने सेंट्रल रेंज के अर्तंगत आने वाले विभिन्न इलाकों में पहुंच सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। गौरतलब है कि अभी तक आठ पुलिसकर्मी इस गंभीर बीमारी की चपेट में आ चुके हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/delhi-ncr/news/corona-patients-increased-in-1893-186-new-patients-confirmed-in-24-hours-one-died-127195516.html