अंधेरा छाया-तेज हवा के साथ बारिश, कहीं-कहीं ओले गिरे तो बदला मौसम, एक हफ्ते में 3 दिन और हो सकती है बारिश
दिल्ली-एनसीआर में शनिवार शाम को अचानक मौसम बदला। तेज हवा के साथ अंधेरा छाया और बारिश हुई। दिल्ली-एनसीआर में कुछ जगह ओले भी गिरे। अचानक आए बदलाव के बाद गर्मी से थोड़ी राहत मिली। अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री व न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान नजफगढ़ में 35.7 डिग्री व स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स केंद्र पर 35.9 डिग्री दर्ज किया गया। हवा की अधिकतम स्पीड 36 किमी प्रतिघंटा की रही।
दिल्ली और आसपास इलाकों में शनिवार को आसमान में बादल छाए हुए थे। शाम को 6.30 बजे से 8 बजे के बीच ठंडी हवा के साथ गाजियाबाद, नोएडा, दिल्ली, फरीदाबाद, गुड़गांव में तेज हवा के साथ कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश शुरू हुई। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली की हवा में नमी मात्रा 36-58 फीसदी के बीच दर्ज की गई। तेज हवा और कहीं-कहीं थोड़ी देर के लिए हुई तेज बारिश के बावजूद सफदरजंग में सिर्फ 1.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। शाम को बदले मौसम के बाद तापमान में 2-4 डिग्री तक गिरावट अचानक आई।
आज भी दिन में बादल रहेंगे और बिजली भी चमक सकती है
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को भी दिन में बादल रहेंगे और बिजली भी चमक सकती है लेकिन बारिश नहीं होगी। हवा की स्पीड 8 किमी 15 किमी प्रतिघंटा तक रहेगी। फिर 20-21 अप्रैल को हल्की बारिश की संभावना है। 22 अप्रैल को बादल रहेंगे लेकिन 23 अप्रैल को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलेगी और हल्की बारिश भी होगी। इस पूरे हफ्ते यानी 19 अप्रैल से 24 अप्रैल के बीच अधिकतम तापमान 35-37 डिग्री के बीच रहेगा। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से नीचे 21-22 डिग्री रहने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर की हवा संतोषजनक
दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को गुड़गांव और फरीदाबाद में मॉडरेट श्रेणी छोड़ दें तो संतोषजक स्तर पर रही। यहां प्रदूषण की मात्रा में तेज हवा के कारण कमी देखने को मिली। नोएडा, ग्रेटर नोएडा, दिल्ली व गाजियाबाद में एयर क्वालिटी इंडैक्स 95-100 के बीच में रही। दिल्ली के 33 प्रदूषण केंद्रों की बात करें तो 13 जगह रात 9 बजे एक्यूआई 100 से नीचे थी। सबसे नीचे इहबास केंद्र पर एक्यूआई 43 रही। प्रदूषण की भविष्यवाणी करने वाली एजेंसी सफर के अनुसार अगले दो दिन यानी 19-20 अप्रैल को भी हवा में प्रदूषण का स्तर संतोषजनक श्रेणी में ही रहेगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/delhi-ncr/news/dark-shadow-rain-with-strong-wind-if-hail-falls-somewhere-the-weather-changes-3-days-a-week-may-rain-127195513.html