फरीदाबाद: क्वारेंटाइन सेंटर में गलत नाम-पता लिखवा फरार महिला पकड़ी, 31 लोग क्वारेंटाइन
बीके अस्पताल में 19 अप्रैल को सैंपल देने के बाद गलत नाम-पता लिखाकर फरार होने वाली कोरोना संदिग्ध बुजुर्ग महिला की रिपोर्ट मंगलवार को पॉजिटिव आने से हेल्थ विभाग में हड़कंप मच गया। इसके बाद उसकी तलाश में तीन विभागों की टीमों को लगाया गया। महिला ने कैली गांव का जो पता लिखाया था, वह गलत था। स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और सीआईडी की टीमें सुबह से दोपहर तक कैली गांव के दिए गए उक्त पते सहित अन्य जगह उसकी तलाश करती रहीं। करीब 4 घंटे तक टीमों ने 350 घरों की खाक छानी, लेकिन उसका पता नहीं चला। काफी मशक्कत के बाद टीमों को कैली गांव के पास स्थित गड्ढा काॅलोनी में पता चला कि उक्त महिला बड़खल की रहने वाली है।
इसके बाद टीमें बड़खल पहुंचीं तो वहां पता चला कि उक्त महिला बल्लभगढ़ के एक निजी अस्पताल में इलाज करा रही है। टीमें निजी अस्पताल पहुंच गईं। वहां महिला भर्ती थी। इसके बाद राहत की सांस ली। अब स्वास्थ्य विभाग उक्त महिला और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। महिला अभी उसी अस्पताल है। उसे ईएसआईसी मेडिकल काॅलेज और अस्पताल में भर्ती कराने की तैयारी की जा रही है। हेल्थ विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में उच्चाधिकारियों से बात की जा रही है। फिलहाल महिला के परिवार के सदस्यों के साथ ही उक्त निजी अस्पताल के 25 कर्मचारियों के स्टाफ को क्वारेंटाइन कर दिया गया है।
कोरोना पॉजिटिव 68 वर्षीय महिला बड़खल की रहने वाली है। इसके दो बेटे दिल्ली के लक्ष्मी नगर में किसी कंपनी ऑफिस में काम करते हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सर्दी, खांसी, जुकाम होने पर वह 18 अप्रैल को बल्लभगढ़ के निजी अस्पताल में भर्ती हुई थी। वहां के डॉक्टरों की सलाह पर वह 19 अप्रैल को बीके अस्पताल के आईडीएसपी लैब में सैंपल देने पहुंची थी। इस दौरान उसने स्वास्थ्य विभाग के रिकाॅर्ड में अपना नाम-पता लिखाया था। मंगलवार को जब उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो उसे अस्पताल में भर्ती कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम बताए पते पर पहुंची तो उक्त पते पर महिला थी ही नहीं। इससे विभाग में हड़कंप मच गया। तुरंत महिला की तलाश में पुलिस, हेल्थ विभाग और सीआईडी की टीमें लगाई गईं। कैली गांव के सरपंच को बुलाया गया। लेकिन महिला के बारे में पता नहीं चला। इस दौरान उसकी तलाश करते हुए टीमें गड्ढा कॉलोनी पहुंचीं। वहां पता चला कि उक्त महिला बड़खल की रहने वाली है। कैली गांव में उसके बेटे की एक कमरे में वर्कशॉप है।
महिला ने पूरे अस्पताल को कराया क्वारेंटाइन
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार महिला की पॉजिटिव रिपोर्ट आने से पहले ही वह बल्लभगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती हो गई थी। अधिकारियों के अनुसार वह जिस अस्पताल में भर्ती हुई थी, वहां क्वारेंटाइन व आइसोलेशन वार्ड की व्यवस्था है। उसे एहतियातन उसी वार्ड में रखा गया था। इसके बावजूद सावधानी बरतते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल के करीब 25 कर्मचारियों को 14 दिन के लिए होम क्वारेंटाइन कर दिया है। जरूरत पड़ने पर इनके सैंपल भी लिए जाएंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/delhi-ncr/news/faridabad-woman-absconding-caught-writing-wrong-name-address-in-quarantine-center-31-people-quarantine-127214527.html