एनडीएमसी ने चरक पालिका अस्पताल में बनाया विशेष फ्लू कॉर्नर, जांच के दौरान डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी रहेंगे सुरक्षित
कोरोना वायरस महामारी के प्रकोप के मद्देनजर नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने मोती बाग स्थित चरक पालिका अस्पताल में एक अद्वितीय 24 घंटे फ्लू कार्नर का डिजाइन और निर्माण करके उसे जनता की सेवा के लिए स्थापित किया है। एनडीएमसी ने एक बयान जारी कर कहा कि पहली बार दिल्ली में हेल्थ केयर प्रोवाइडर और रोगी के बीच आवरण के साथ यह फ्लू कॉर्नर स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं (डॉक्टरों और अन्य चिकित्सा कर्मचारियों) को सुरक्षा प्रदान करेगा, जबकि इसके लिए व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों (पीपीई) का उपयोग किया जाता है। एनडीएमसी ने देश की अन्य स्मार्ट सिटी से साझा की यह खोज।
इस तरह होगी सुरक्षा: मरीज और डॉक्टर के बीच शीशे की दीवार
पालिका परिषद द्वारा कोरोना वायरस महामारी की पृष्ठभूमि में, यह स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं को संक्रमण के जोखिम में डाले बिना रोगियों की जांच करने की सुरक्षित सुविधा विशेष रूप से प्रदान करेगा। इसके डिजाइन में यह एक ग्लास विभाजन के साथ कैनवस की छत से बनी एक अस्थाई संरचना है। माइक्रोफोन सुविधा के साथ ग्लास आवरण स्वास्थ्य सेवा प्रदाता के साथ रोगी के संपर्क के समय प्रभावी सुरक्षा प्रदान करता है।
फ्लू कॉर्नर पर सीसीटीवी कैमरा लगाया गया
इस फ्लू कॉर्नर का निर्माण एक खुले क्षेत्र में किया गया है, जो मुख्य चरक पालिका अस्पताल से दूर लेकिन इसके ही परिसर में है और यह चौबीसों घंटे कार्यरत रहेगा। इस फ्लू कॉर्नर पर एक सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है, जो स्मार्ट सिटी मिशन के तहत सेंट्रल कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से भी जुड़ा है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/delhi-ncr/news/ndmc-builds-special-flu-corner-at-charak-palika-hospital-doctors-and-health-workers-will-be-safe-during-the-investigation-127159789.html