प्रेम नगर: युवक की हरकत का किया विरोध तो चाकू मार की हत्या, 3 गिरफ्तार
लॉकडाउन पार्ट टू के बीच सेंट्रल दिल्ली के प्रेम नगर इलाके में एक शख्स की चाकू मारकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात सोमवार शाम को हुई, पूरी वारदात गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मृतक की पहचान कृष्णा शाह (40) के तौर पर हुई। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। इस वारदात के मद्देनजर पुलिस ने पटेल नगर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज लिया है। वारदात में शामिल तीन आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया है। जबकि मामले में अभी तीन की तलाश है।
पुलिस की जांच में यह बात निकलकर सामने आई है कुछ रोज पहले गली में घर की छत पर आरोपी अपने दोस्ताें के साथ शराब पी रहा था। यह पता चलने पर कृष्णा शाह ने इस मामले की सूचना घर के मालिक को दे दी थी। इसी बात का बदला लेने के लिए आरोपियों ने यह वारदात की। वे आज चाकू, रॉड और डंडा लेकर आए थे।
पुलिस ने बताया गली नंबर बारह प्रेम नगर में कृष्णा शाह परिवार के साथ रहता था। वह एक निजी कंपनी में नौकरी करता था, जिसके परिवार में पत्नी व बच्चे हैं। सोमवार शाम लगभग पांच बजे कुछ युवक कृष्णा के घर के नजदीक पहुंचे, उनकी हरकतें कुछ सही नहीं लग रही थीं। इसे देख कृष्णा ने उनका विरोध किया। जिसके बाद आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया।
इस बवाल के बीच आरोपियों में से एक ने कृष्णा की बाएं तरफ चाकू से हमला किया। उसके बेटे सुजीत की जांघ पर भी चाकू से वार कर दिया। कृष्णा के रिश्तेदार बीच बचाव करने लगे तो उन पर भी हमला किया। घटना में गंभीर रुप से जख्मी होने के बाद कृष्णा वहीं जमीन पर गिर गया, जिसे खून से लथपथ हालत में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/delhi-ncr/news/prem-nagar-protest-against-the-act-of-a-young-man-killing-a-knife-3-arrested-127208002.html